- SSP अजय गणपति की मौजूदगी में पुलिस लाइन में हुई ब्रीफिंग, ड्रोन और साइबर टीम से निगरानी; अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
रुद्रपुर। किच्छा एवं सिरौलीकलां नगर पालिका निर्वाचन की मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। मतगणना को लेकर पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है और मतगणना केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

मतगणना दिवस की तैयारियों के तहत पुलिस लाइन में एसएसपी अजय गणपति की मौजूदगी में उच्चस्तरीय ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में ADM, SP City, SDM, RO (रिटर्निंग ऑफिसर) सहित सभी पुलिस उपाधीक्षक मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों और जवानों को मतगणना स्थल की सुरक्षा, मतगणना एजेंटों के प्रवेश एवं निकासी, यातायात व्यवस्था तथा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतगणना सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
02 ASP, 04 CO समेत 230 कांस्टेबल तैनात
मतगणना की सुरक्षा व्यवस्था में 02 अपर पुलिस अधीक्षक, 04 क्षेत्राधिकारी, 18 निरीक्षक, 72 उपनिरीक्षक, 11 महिला उपनिरीक्षक, 230 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल, 74 महिला कांस्टेबल और 22 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था में 03 कंपनी PAC को भी लगाया गया है।
ड्रोन से निगरानी, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स
मतगणना केंद्रों और आसपास के संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर लगातार गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की ओर से मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी
मतगणना के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी साइबर टीम द्वारा 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य अफवाह, भ्रामक खबर या किसी भी प्रकार की गलत सूचना के प्रसार को रोकना है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि मतगणना प्रक्रिया में व्यवधान डालने, शांति व्यवस्था प्रभावित करने अथवा अफवाह फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करने की अपील की है।
