IMG-20260607-WA0016
  • गंगा किनारे परिवार के सामने तेज बहाव में बह गया सॉफ्टवेयर इंजीनियर
  • उत्तराखंड घूमने आया था गाजियाबाद का परिवार, ऋषिकेश के कौड़ियाला में हुआ हादसा, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

ऋषिकेश। उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में छुट्टियां बिताने आया एक परिवार उस समय गहरे सदमे में डूब गया, जब कुछ ही पलों में उनकी खुशियां मातम में बदल गईं। ऋषिकेश के कौड़ियाला क्षेत्र में गंगा किनारे सेल्फी लेते समय गाजियाबाद निवासी 43 वर्षीय आशीष जैन तेज बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते गंगा की लहरों में ओझल हो गए।

जानकारी के अनुसार गाजियाबाद और फरीदाबाद के दो परिवार उत्तराखंड घूमने आए थे। दोनों परिवार कौड़ियाला स्थित एक होटल में रुके हुए थे। शनिवार शाम सभी लोग होटल के पास गंगा घाट पर घूमने और यादगार तस्वीरें लेने पहुंचे थे।

इसी दौरान आशीष जैन गंगा की लहरों के बैकग्राउंड में सेल्फी लेने लगे। बताया जा रहा है कि अचानक उनका पैर फिसल गया और वह सीधे नदी में जा गिरे। गंगा का बहाव इतना तेज था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। होटल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने मदद का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण आशीष कुछ ही देर में नजरों से दूर हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और SDRF को बुलाया गया। अंधेरा होने के बावजूद SDRF जवानों ने राफ्ट की मदद से सर्च अभियान शुरू किया।

चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल के अनुसार पुलिस और रेस्क्यू टीम नदी के बहाव वाले क्षेत्रों में लगातार तलाश कर रही हैं। हादसे की सूचना आशीष जैन के गाजियाबाद स्थित परिजनों को दे दी गई है।

बताया जा रहा है कि आशीष जैन पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

error: Content is protected !!