- ‘जिम्मेदार’ श्रेणी में देश में प्रथम स्थान, सुशासन और जनकेंद्रित कार्यशैली को मिला राष्ट्रीय सम्मान
रुद्रपुर। जनपद के लिए गौरव का क्षण है। अपनी संवेदनशील कार्यशैली, बेहतर प्रशासनिक नेतृत्व और जनहित से जुड़े प्रभावी फैसलों के लिए पहचाने जाने वाले जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि मिली है।
प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पत्रिका फेम इंडिया द्वारा जारी विशेषांक ‘सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026’ में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया को देशभर के सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारियों में टॉप-5 में स्थान मिला है। इसके साथ ही उन्हें ‘जिम्मेदार’ श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि उनकी प्रशासनिक दक्षता, जवाबदेही, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति प्रतिबद्धता का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान माना जा रहा है।
800 जिलों के अधिकारियों में हुआ चयन
फेम इंडिया द्वारा देशभर के जिलाधिकारियों के कार्यों का व्यापक मूल्यांकन करने के बाद 50 सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारियों का चयन किया गया। इसके लिए प्रशासनिक क्षमता, नेतृत्व, जवाबदेही, नवाचार, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, संकट प्रबंधन, जनता से संवाद, विकास कार्यों और सुशासन जैसे महत्वपूर्ण मानकों को आधार बनाया गया। मूल्यांकन प्रक्रिया में फील्ड रिपोर्ट, मीडिया विश्लेषण, विशेषज्ञों की राय, जन प्रतिक्रिया और प्रशासनिक उपलब्धियों को भी शामिल किया गया। इन्हीं मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई।
जनसमस्याओं के समाधान और पारदर्शी प्रशासन पर रहा जोर
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के नेतृत्व में जनपद में शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया गया। जन शिकायतों के त्वरित समाधान, प्रशासनिक पारदर्शिता, नई कार्यप्रणाली और जनता से सीधे संवाद को मजबूत करने के प्रयासों को सराहना मिली। उनकी कार्यशैली में आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता देने और अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष फोकस रहा है।
राष्ट्रपति से भी मिल चुका है जनपद को सम्मान
जिलाधिकारी भदौरिया के नेतृत्व में जनपद ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। पीएम जनमन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनपद को भारत के राष्ट्रपति द्वारा ‘बेस्ट परफॉर्मिंग डिस्ट्रिक्ट’ सम्मान से भी नवाजा जा चुका है। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जनपद को दो सिल्वर मेडल भी प्राप्त हुए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आधारभूत संरचना और समग्र विकास के क्षेत्र में किए गए कार्य प्रशासनिक टीम की बेहतर कार्यप्रणाली को दर्शाते हैं।
पूरी टीम और जनपद के लिए गौरव का पल
फेम इंडिया की इस राष्ट्रीय उपलब्धि को सिर्फ एक अधिकारी की सफलता नहीं, बल्कि पूरे जनपद की प्रशासनिक टीम और नागरिकों के लिए सम्मान माना जा रहा है। यह उपलब्धि दिखाती है कि बेहतर नेतृत्व, संवेदनशील सोच और जिम्मेदार प्रशासनिक व्यवस्था से सुशासन के नए उदाहरण स्थापित किए जा सकते हैं।
