IMG-20260606-WA0060
  • वृक्षारोपण को आंदोलन बनाने का आह्वान, पर्यावरण संरक्षण के प्रति छात्रों को किया जागरूक

रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विश्व पर्यावरण दिवस उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों की उपयोगिता और प्रकृति के महत्व पर विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रदीप कुमार ने मुख्य वक्ता कॉमर्स विभागाध्यक्ष प्रो. भरत सिंह राजपूत का स्वागत किया। प्रो. राजपूत ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण के प्रति संवेदनशील होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बढ़ती वृक्ष कटाई पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वृक्षारोपण को केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनआंदोलन के रूप में अपनाना होगा।

द्वितीय मुख्य वक्ता अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. मनोज पांडे ने शायरी के माध्यम से छात्रों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं डॉ. प्रदीप कुमार ने वृक्ष के जीवन और मानव जीवन के बीच समानताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रकृति सबसे बड़ी शिक्षक है और हमें उससे संघर्ष, धैर्य तथा निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य एवं भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. पूनम रौतेला ने छात्रों को विभिन्न पर्यावरणविदों के योगदान की जानकारी देते हुए पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों द्वारा 100 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय को ग्रीन कैंपस बनाने के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी, शोधार्थी, छात्र-छात्राएं तथा छात्रसंघ पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।

error: Content is protected !!