लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी के मड़ियांव थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक युवती ने अपने ही परिचित पर पिछले 10 वर्षों से यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग और लाखों की उगाही करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शांत शरण मौर्या को गिरफ्तार कर लिया है।
2015 से शुरू हुआ शोषण का चक्र पीड़िता के अनुसार, आरोपी शांत शरण मौर्या का उसके घर आना-जाना था। मई 2015 में वह किताब दिलाने के बहाने युवती को डालीगंज ले गया, जहाँ उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोपी ने इस दौरान युवती के आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें बना लीं, जिन्हें वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार उसका शारीरिक और मानसिक शोषण करने लगा।
शादियां तुड़वाईं और लाखों रुपये ऐंठे युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसकी जिंदगी पूरी तरह तबाह कर दी। जब भी युवती की शादी तय होती, आरोपी वर पक्ष को आपत्तिजनक तस्वीरें भेज देता था। इस तरह आरोपी ने अब तक युवती की 4 शादियां तुड़वाईं। वर्ष 2023 में उसने रिश्ता न तोड़ने के बदले 2 लाख रुपये की मांग की, जिसे पीड़िता ने दबाव में आकर दे दिया, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने उसकी शादी रुकवा दी।
मारपीट और तेजाब हमले की धमकी पीड़िता ने बताया कि आरोपी न केवल उसे ब्लैकमेल कर रहा था, बल्कि विरोध करने पर उसे तेजाब से जलाने और जान से मारने की धमकी भी देता था। नवंबर 2025 में जब वह अपने पिता के लिए दवा लेने जा रही थी, तब आरोपी और उसके रिश्तेदार ने रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट भी की थी।
पुलिस की कार्रवाई मड़ियांव पुलिस ने आरोपी शांत शरण मौर्या के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले के अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है और पीड़िता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया है।
