रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर):
नगर निगम के सफल एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रुद्रपुर एक भव्य ऐतिहासिक उत्सव का साक्षी बनने जा रहा है। ‘एक साल बेमिसाल’ के संकल्प के साथ आगामी 14 फरवरी से 23 फरवरी तक गांधी पार्क में ‘यूएस नगर कार्निवल’ एवं ‘सरस मेले’ का आयोजन किया जाएगा। इस वृहद कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी देते हुए मेयर विकास शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस उत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे।
त्रिशूल चौक और शिव बारात का भव्य स्वागत मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया गया कि 14 फरवरी को दोपहर ढाई बजे सीएम धामी रुद्रपुर पहुँचकर सर्वप्रथम ‘त्रिशूल चौक’ का लोकार्पण करेंगे। यह चौक न केवल शहर की धार्मिक आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि रुद्रपुर की सांस्कृतिक पहचान का नया केंद्र भी बनेगा। इसके पश्चात, मुख्यमंत्री हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों का स्वागत एवं अभिनंदन करेंगे। त्रिशूल चौक से एक विशाल शिव बारात निकाली जाएगी, जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए आस्था का संचार करेगी।
₹100 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात गांधी पार्क पहुँचकर मुख्यमंत्री 100 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। यह सौगात रुद्रपुर के बुनियादी ढांचे और स्थानीय विकास को नई गति प्रदान करेगी। इसके साथ ही, श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल द्वारा आयोजित विशाल शिव जागरण का भी सीएम द्वारा शुभारंभ किया जाएगा।
सांस्कृतिक संध्या: जस्सी गिल और पवनदीप राजन बिखेरेंगे सुरों का जादू 15 से 23 फरवरी तक आयोजित होने वाले इस कार्निवल में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी:
-
15 फरवरी: संकल्प खेतवाल और हरीश भट्ट की प्रस्तुति।
-
16 फरवरी: प्रसिद्ध पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय अपने गीतों से समां बांधेंगे, साथ ही सैंड आर्ट का विशेष प्रदर्शन होगा।
-
17 फरवरी: इमान चक्रवर्ती की मधुर आवाज और एनसी सरकार का जादुई शो।
-
18-20 फरवरी: बंटी राणा, रूपेश मिश्रा, श्वेता मेहरा, गोविंद दिगारी और फौजी ललित मोहन जोशी जैसे कलाकारों की प्रस्तुतियां।
-
21 फरवरी: साधो बैंड और श्रीराम कला केंद्र द्वारा भव्य रामलीला का मंचन।
-
22-23 फरवरी: इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन, जितेंद्र तोमक्याल और पांडवा बैंड के साथ उत्सव का समापन होगा।
मेयर विकास शर्मा ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए समस्त नगरवासियों से इस विकास उत्सव और सांस्कृतिक महाकुंभ में सम्मिलित होने का आह्वान किया है।
