tilak raj behad

किच्छा विधायक पर समाज के अपमान का आरोप, समर्थकों ने भाजपाइयों की साजिश करार देकर की निंदा

रुद्रपुर। किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के एक कथित बयान को लेकर कोली समाज दो गुटों में बंट गया है। रविवार को एक पक्ष ने विधायक पर समाज के अपमान का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया और उनका पुतला फूंका, वहीं दूसरे पक्ष ने इस कृत्य को विधायक को बदनाम करने की राजनीतिक साजिश करार दिया है।

मामले की शुरुआत तब हुई जब प्रदेश महामंत्री मुकेश कोली के नेतृत्व में समाज के तमाम लोग डीडी चौक पर एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने विधायक बेहड़ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि विधायक ने कोली समाज की क्षमता पर सवाल उठाए हैं। मुकेश कोली ने कहा कि विधायक एक तरफ हमारे साथी को अपराधी बता रहे हैं और दूसरी तरफ खुद की पत्नी द्वारा उसे संरक्षण देने की बात कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विधायक कोली समाज की महिला के मेयर बनने को पचा नहीं पा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि विधायक ने माफी नहीं मांगी, तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।

दूसरी ओर, विधायक के समर्थन में कोली समाज के एक अन्य गुट ने आवास विकास कॉलोनी में बैठक कर पुतला दहन की कड़ी निंदा की। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सोमपाल कोली और निवर्तमान पालिका अध्यक्ष दर्शन कोली ने कहा कि कुछ लोग भाजपा के इशारे पर समाज को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि बेहड़ ने ही समाज के लोगों को नगर पालिका अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख जैसे पदों तक पहुँचाया है। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि कोली समाज पूरी तरह विधायक बेहड़ के साथ खड़ा है।

इस पूरे विवाद पर विधायक तिलक राज बेहड़ ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे विपक्षी पूर्व विधायक की साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि उनके और उनके परिवार पर चाहे कितने भी हमले कर लिए जाएं या गालियां दी जाएं, जनता आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि जनता की अदालत में विरोधियों की बड़ी हार निश्चित है।

error: Content is protected !!