Screenshot_65

मुरादाबाद एनकाउंटर: उधम सिंह गैंग का शार्प शूटर आशु ढेर; सीने को चीरती हुई पार हो गईं 3 गोलियां, 5 करोड़ की मांगी थी रंगदारी

मुरादाबाद (सिविल लाइंस)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बुधवार रात हुई सनसनीखेज मुठभेड़ में पुलिस और एसटीएफ ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात उधम सिंह गैंग के शार्प शूटर आशु उर्फ मोंटी को ढेर कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आशु के शरीर में पुलिस की तीन गोलियां लगी थीं, जो उसके दिल और फेफड़ों को छलनी करते हुए सीने के आर-पार निकल गईं। 50 हजार के इनामी इस बदमाश की मौत अत्यधिक खून बहने के कारण हुई।

5 करोड़ की रंगदारी और एक्सपोर्ट फर्म पर फायरिंग

मामले की शुरुआत 12 मार्च को हुई, जब मुरादाबाद के प्रतिष्ठित निर्यातक अरशू ढल (वजीरचंद एक्सपोर्ट फर्म के मालिक) को व्हाट्सएप कॉल के जरिए 5 करोड़ रुपये की रंगदारी की धमकी मिली। रकम न देने पर हत्या की धमकी दी गई और दो दिन बाद ही बाइक सवार बदमाशों ने उनकी फर्म पर फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। एसएसपी सतपाल अंतिल ने आरोपी आशु पर 50 हजार का इनाम घोषित किया था।

मुठभेड़ का घटनाक्रम: इस्लाम नगर रोड पर बिछा जाल

बुधवार रात करीब 10 बजे, जब आशु अपने साथी के साथ रंगदारी की रकम वसूलने सिविल लाइंस इलाके में पहुँचा, तो मेरठ एसटीएफ और मुरादाबाद पुलिस ने उसे घेर लिया। इस्लाम नगर रोड पर दोनों ओर से हुई भीषण फायरिंग में स्विफ्ट कार सवार आशु को तीन गोलियां लगीं, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने मौके से .32 बोर की पिस्टल, रिवाल्वर और 12 बोर की बंदूक समेत भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं।

8 महीने पहले हुई थी शादी, 36 मुकदमों का था इतिहास

पोस्टमार्टम हाउस पहुँचे आशु के भाइयों ने बताया कि वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था और मात्र 8 महीने पहले ही उसकी शादी रायबरेली की एक युवती से हुई थी। वह वर्तमान में गाजियाबाद में रह रहा था। हालांकि, पुलिस रिकॉर्ड में आशु एक शातिर अपराधी था, जिस पर हत्या और रंगदारी जैसे 36 गंभीर मुकदमे दर्ज थे। घटना के बाद पुलिस ने निर्यातक अरशू ढल और उनकी फर्म की सुरक्षा बढ़ा दी है।

error: Content is protected !!