Screenshot_6

श्रीनगर गढ़वाल/देहरादून:

देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान शनिवार को अपने गृह राज्य उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल पहुंचे। अपनी पत्नी अनुपमा चौहान के साथ इस महत्वपूर्ण दौरे पर आए सीडीएस का स्थानीय प्रशासन और सेना के अधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। जनरल चौहान का यह दौरा न केवल सामरिक दृष्टि से बल्कि शैक्षणिक और सामाजिक दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

गार्ड ऑफ ऑनर और छात्रों से संवाद हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के चौरास परिसर पहुँचने पर एनसीसी कैडेटों ने सीडीएस जनरल अनिल चौहान को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया। इसके पश्चात वे विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सम्मिलित हुए, जहाँ उन्होंने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान सीडीएस ने युवाओं को राष्ट्र सेवा और भविष्य की चुनौतियों के लिए प्रेरित किया।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सीडीएस के दौरे को देखते हुए श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। कोतवाली निरीक्षक संजय मिश्रा और कुलदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस व प्रशासन ने मोर्चा संभाले रखा। विश्वविद्यालय के बाद सीडीएस का कार्यक्रम मेडिकल कॉलेज में भी प्रस्तावित है, जहाँ वे मेडिकल छात्रों से मुखातिब होंगे। आर्मी के अधिकारियों द्वारा पिछले कई दिनों से रिहर्सल और सुरक्षा ड्रिल की जा रही थी।

पैतृक गांव ‘गवाणा’ के ग्रामीणों की उम्मीदें यद्यपि सीडीएस का अपने पैतृक गांव गवाणा जाने का औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, लेकिन उनके आगमन से ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह है। ग्राम प्रधान अनूप कपरवाण के नेतृत्व में ग्रामीण श्रीनगर पहुंचे हैं। ग्रामीणों का उद्देश्य अपने ‘गांव के लाल’ से मिलकर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं, विशेषकर पेयजल आपूर्ति और रास्तों की जर्जर स्थिति से अवगत कराना है। ग्रामीणों ने उनके पैतृक आवास तक इंटरलॉकिंग टाइल्स मार्ग बनाने का प्रस्ताव भी तैयार किया है।

श्रीनगर में सीडीएस की उपस्थिति ने न केवल सुरक्षा बलों बल्कि आम जनता और छात्र समुदाय में भी नई ऊर्जा का संचार किया है।

error: Content is protected !!