उत्तरकाशी। देवभूमि उत्तराखंड के सीमांत जनपद उत्तरकाशी में एक बार फिर भूगर्भीय हलचल महसूस की गई है। सोमवार देर रात जनपद मुख्यालय सहित आसपास के इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे स्थानीय निवासियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
घटना का विवरण: जानकारी के अनुसार, रात लगभग 10:05 बजे जनपद मुख्यालय में कंपन महसूस किया गया। झटके महसूस होते ही सतर्कता बरतते हुए जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम ने तत्काल इसकी सूचना भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून को साझा की।
विशेषज्ञों की राय: कंट्रोल रूम द्वारा किए गए संपर्क के बाद मौसम विभाग ने स्पष्ट किया कि भूकंप की तीव्रता अत्यंत न्यून (कम) थी। तीव्रता इतनी कम थी कि यह आधिकारिक रिकॉर्डिंग सिस्टम पर भी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित नहीं हो सकी। इसी कारण इसे ‘लो-इंटेंसिटी’ ट्रेमर माना जा रहा है, जिससे घबराने जैसी कोई बात नहीं है।
प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी तहसीलों से अपडेट लिया जा रहा है। वर्तमान में स्थिति सामान्य बनी हुई है।
