Screenshot_3

सितारगंज (ऊधम सिंह नगर)। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद अंतर्गत सितारगंज क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के नियमों को ताक पर रखकर हरे पेड़ों के अवैध कटान का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। किशनपुर रेंज के अधीन आने वाले औद्योगिक पार्क (सिडकुल) के एक भूखंड में सफाई के बहाने करीब नौ बेशकीमती हरे पेड़ों को काट दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से काटे गए लकड़ी के गिल्टों को अपने कब्जे में ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सिडकुल स्थित एक निजी प्लॉट में प्लॉट स्वामी द्वारा सफाई अभियान की आड़ में बिना किसी आधिकारिक अनुमति के पेड़ों पर आरी चलवा दी गई। वन विभाग को इसकी भनक लगते ही टीम ने मौके पर छापेमारी की। जांच के दौरान वहां तीन शीशम और छह सेमल के पेड़ों के अवशेष बरामद हुए। विभाग ने सभी नौ पेड़ों के गिल्टों को जब्त कर एमबीआर गेट पर सुरक्षित रखवा दिया है।

दोषियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी किशनपुर रेंज के रेंजर घनश्याम चनियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नियमानुसार हरे पेड़ों को काटने के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य है, जिसका इस मामले में पूर्णतः उल्लंघन किया गया है। रेंजर चनियाल के मुताबिक, संबंधित कंपनी और प्लॉट स्वामी के विरुद्ध ‘भारतीय वन अधिनियम’ की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संपदा को क्षति पहुँचाने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दी गई है और जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

error: Content is protected !!