काशीपुर। उधम सिंह नगर जनपद के काशीपुर क्षेत्र अंतर्गत दुर्गा कॉलोनी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग के कारण एक परिवार का भारी नुकसान हो गया। शनिवार को क्षेत्रीय विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें सरकार की ओर से हर संभव आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
शॉर्ट सर्किट ने मचाई तबाही जानकारी के अनुसार, दुर्गा कॉलोनी निवासी भाजपा कार्यकर्ता धीरज ठाकुर के घर में बीते बृहस्पतिवार को अचानक शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसमें घर के भीतर रखा अधिकांश घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार को इस घटना में भारी आर्थिक क्षति पहुँची है।
विधायक ने मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता का दिया भरोसा शनिवार को विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से घटना की पूरी जानकारी ली। विधायक ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में वे उनके साथ हैं। उन्होंने अधिकारियों से वार्ता कर पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से जल्द से जल्द उचित आर्थिक मुआवजा दिलाने का ठोस भरोसा दिया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ वार्ड पार्षद संजय शर्मा, जिला मंत्री रजत सिद्धू, जिला कोषाध्यक्ष राजीव ठुकराल समेत कई वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
