होली और रमजान को लेकर पुलिस प्रशासन ने की शांति समिति की बैठक; संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल की तैनाती और गश्त के निर्देश।
ऋषिकेश। आगामी रमजान और होली के पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। शुक्रवार को कोतवाली परिसर और लालतप्पड़ चौकी में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, सीएलजी (CLG) सदस्यों और जनप्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य पर्वों के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना था।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बैठक को संबोधित करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहारों की आड़ में शांति व्यवस्था भंग करने या सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने विशेष रूप से सोशल मीडिया की निगरानी के लिए एक टीम गठित की है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचें, क्योंकि ऐसी गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए शहर के संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का निर्णय लिया गया है। शहर कोतवाल ने जानकारी दी कि पर्वों के दौरान गश्त और निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई है ताकि आम जनमानस बिना किसी भय के त्योहार मना सके। बैठक में स्थानीय सभासदों और प्रमुख नागरिकों ने भी पुलिस को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दौरान सभासद गौरव मल्होत्रा, ईश्वरचंद अग्रवाल, उमेद वोरा, कमल अरोड़ा और जितेंद्र कुमार सहित कई स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। पुलिस ने सभी से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति का संदेश फैलाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रभाव से निकटतम पुलिस चौकी या कोतवाली में दें।
