रुद्रपुर/ऊधम सिंह नगर। जनपद के पुलभट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरा में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात को सुलझाने में पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा द्वारा किए गए खुलासे के अनुसार, पुलिस टीम ने बरेली निवासी एक शातिर अभियुक्त को अवैध असलहे और लूट के माल के साथ गिरफ्तार किया है।
घटना का विवरण और पुलिसिया कार्रवाई विदित हो कि विगत 21/22 जनवरी की मध्य रात्रि को ग्राम बरा निवासी नरेश कुमार के घर में तीन नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर परिजनों को बंधक बनाकर 87,000 रुपये नकद, मोबाइल और जेवरात लूट लिए थे। इसके पश्चात बदमाशों ने ग्राम बरी से एक मोटरसाइकिल भी चोरी की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधम सिंह नगर द्वारा टीम का गठन किया गया था।
बरेली का शातिर अभियुक्त गिरफ्तार पुलिस टीम ने पूर्व में एक आरोपी इस्लाम को जेल भेज दिया था, जिसके बाद से ही अन्य साथियों की तलाश जारी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वांछित अभियुक्त अबरार, पुत्र निवासी लोहारनगर (बरेली), को बहेड़ी-किच्छा रोड से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 20,000 रुपये की नगदी, सोने के कुंडल, ओम लिखा हुआ लॉकेट और एक 12 बोर का अवैध तमंचा मय कारतूस बरामद हुआ है।
अंतर्राज्यीय आपराधिक इतिहास पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त अबरार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश के बरेली और पीलीभीत जनपदों में कई संगीन मामले दर्ज हैं। पूछताछ में अबरार ने स्वीकार किया कि चोरी की गई बाइक और लूट की शेष राशि उनके तीसरे साथी शकील के पास है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीमें फरार चल रहे शकील की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
