पटना में पुलिस एनकाउंटर: एसटीएफ की कार्रवाई में कुख्यात ‘सूर्या डॉन’ ढेर, पैर में लगी गोली

पटना: बिहार की राजधानी पटना में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के विरुद्ध पुलिस का ‘सफाई अभियान’ जारी है। बुधवार की अलसुबह गायघाट थाना क्षेत्र में एसटीएफ (STF) और पटना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक साहसिक एनकाउंटर में कुख्यात अपराधी राजीव कुमार उर्फ ‘सूर्या डॉन’ को दबोच लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधी के पैर में गोली लगी है।

नाविकों से रंगदारी वसूलने पहुंचा था अपराधी आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, आलमगंज थाना पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि सूर्या डॉन अपने साथियों के साथ गायघाट के समीप नाविकों से रंगदारी की वसूली करने पहुंचा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख शातिर अपराधी ने भागने के प्रयास में पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

तीन राउंड फायरिंग से दहला इलाका प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, इस मुठभेड़ के दौरान लगभग तीन राउंड फायरिंग हुई। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षात्मक कार्रवाई में एक गोली सूर्या डॉन के पैर में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए एनएमसीएच (NMCH) में भर्ती कराया है। घटनास्थल से पुलिस ने एक देसी कट्टा और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

आपराधिक इतिहास और दहशत का अंत पकड़ा गया अपराधी राजीव कुमार उर्फ सूर्या डॉन मूल रूप से खाजेकला थाना क्षेत्र का निवासी है। उस पर डकैती, लूट, चोरी और अवैध हथियार रखने जैसे दर्जनों संगीन मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। सुबह-सुबह हुई इस मुठभेड़ से इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जिसके बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान (Search Operation) चलाया।

पुलिस की कड़ी चेतावनी मौके पर पहुंची एफएसएल (FSL) की टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। गौरतलब है कि नए साल की शुरुआत से अब तक पटना पुलिस द्वारा किया गया यह पांचवां एनकाउंटर है, जो अपराधियों के मनोबल को तोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

error: Content is protected !!