Screenshot_33

पटना के हॉस्टल में छात्र की संदिग्ध मौत: कंबल में लिपटी मिली लाश, पंखे पर लटका था भगवा फंदा; हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस

पटना। बिहार की राजधानी पटना में छात्रों की सुरक्षा और हॉस्टलों के माहौल पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के मैनपुरा इलाके में शनिवार की रात एक निजी हॉस्टल से 12वीं कक्षा के छात्र की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक छात्र की पहचान अररिया जिले के रहने वाले रौशन ठाकुर के रूप में हुई है। घटनास्थल की स्थिति ने पुलिस और परिजनों को गहरे संशय में डाल दिया है, क्योंकि छात्र का शव जमीन पर एक कंबल में लिपटा हुआ मिला, जबकि कमरे के पंखे से भगवा रंग का एक फंदा लटका हुआ पाया गया।

पुलिस जांच में जो प्रारंभिक तथ्य सामने आए हैं, वे काफी पेचीदा हैं। रौशन पटना में रहकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहा था। वारदात वाले कमरे में एक ओर जहां पढ़ाई की मेज, बिस्तर और बर्तन व्यवस्थित थे, वहीं कमरे की खिड़की और दरवाजा खुला पाया जाना किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश की ओर भी इशारा कर रहा है। शव के कंबल में लिपटे होने और फंदे के पंखे पर लटके होने की विरोधाभासी स्थिति ने इसे ‘सस्पेंस’ बना दिया है। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि यह खुदकुशी का मामला है या फिर छात्र की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।

पटना के हॉस्टलों में मौत का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी शंभू गर्ल्स हॉस्टल और परफेक्ट पीजी हॉस्टल जैसी घटनाओं ने राजधानी को दहलाया है, जिनकी जांच अब भी उच्च स्तर पर जारी है। फिलहाल, पाटलिपुत्र थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। छात्र के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनकी तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!