पीलीभीत में ‘तालिबानी’ क्रूरता: खंभे से बांधकर युवक को बेरहमी से पीटा, वारदात के बाद से आरिफ लापता; परिजनों ने पुलिस से लगाई गुहार
पीलीभीत (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बरखेड़ा थाना क्षेत्र से रूह कंपा देने वाली एक घटना सामने आई है। ग्राम पौटा कला निवासी 22 वर्षीय युवक आरिफ को दबंगों ने बीच रास्ते में रोककर खंभे से बांधा और लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि पिटाई के बाद आरोपी युवक को जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर ले गए, जिसके बाद से आरिफ का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है।
पीड़ित के पिता शफीक शाह, जो पेशे से ईंट भट्ठे पर मजदूर हैं, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र 24 मार्च की शाम को दौड़ लगाने (प्रैक्टिस) के लिए निकला था। तभी गांव के ही 10-12 नामजद आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया और बिना किसी स्पष्ट कारण के रस्सी से खंभे पर बांधकर घंटों पीटा। पिता ने रोते हुए गुहार लगाई है कि उनका बेटा 4 दिनों से लापता है और उन्हें किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। पुलिस ने वीडियो साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश और युवक की बरामदगी के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
