Screenshot_30

ऊधमसिंह नगर: सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले ने ही की हैवानियत; एसएसपी के निर्देश पर ‘जीरो टॉलरेंस’ के तहत हुई कार्रवाई।

पंतनगर/रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। परिसर की सुरक्षा में तैनात एक गार्ड ने ही 13 वर्षीय नाबालिग बालिका को अपनी हवस का शिकार बनाया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मजिस्ट्रेट के समक्ष पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।

आधी रात को डायल 112 पर मिली सूचना

घटना शुक्रवार देर रात की है, जब पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि पंतनगर परिसर में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। शनिवार को जब पीड़िता के परिजनों ने औपचारिक तहरीर दी, तो पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) सहित कई अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

साक्ष्यों के आधार पर दबोचा गया आरोपी

एसएसपी के सख्त निर्देश पर पुलिस ने वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों (Forensic & Circumstantial Evidence) का मिलान किया। जांच में आरोपी जंग बहादुर उर्फ जंगा (28 वर्ष), पुत्र मुन्ना लाल, निवासी झा-कॉलोनी पंतनगर का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे परिसर से ही हिरासत में ले लिया। रविवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति

एसएचओ पंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत काम कर रही है। ऐसे जघन्य अपराधों में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी की जाएगी।

error: Content is protected !!