पंजाब में खूनी खेल: जालंधर में AAP नेता लक्की ओबेरॉय की दिनदहाड़े हत्या, 13 गोलियों से छलनी की गई थार

जालंधर। पंजाब के जालंधर स्थित पॉश इलाके मॉडल टाउन में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबेरॉय की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब ओबेरॉय मॉडल टाउन गुरुद्वारा साहिब के समीप अपनी थार गाड़ी में मौजूद थे। इस दुस्साहसिक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

नजदीक से बरसाईं 13 गोलियां प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्की ओबेरॉय किसी निजी कार्य के सिलसिले में मॉडल टाउन आए हुए थे। जैसे ही वे अपनी गाड़ी में बैठे, अचानक आए हमलावरों ने उन पर घात लगाकर हमला कर दिया। हमलावरों ने बेहद करीब से उन पर ताबड़तोड़ लगभग 13 गोलियां चलाईं। गोलियों की आवाज से इलाका थर्रा उठा और हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम गंभीर रूप से घायल ओबेरॉय को आनन-फानन में श्री राम स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। नेता की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में राजनीतिक नेता, समर्थक और स्थानीय लोग अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए।

पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज पर नजर घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी जयंत पुरी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने के मार्ग का पता लगाया जा सके।

पंजाब की कानून व्यवस्था और दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने शासन-प्रशासन के समक्ष कड़ी चुनौती पेश कर दी है। पुलिस मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

error: Content is protected !!