गदरपुर/ऊधमसिंह नगर। जनपद के वार्ड संख्या चार में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ मामूली पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। एक कलयुगी बहू ने अपने मायके पक्ष के लोगों को बुलाकर अपने ही पति और 70 वर्षीय सास पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस बर्बर हमले में गंभीर रूप से घायल वृद्ध सास ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि पति गंभीर रूप से घायल है।
मामूली विवाद से शुरू हुआ खूनी खेल प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड चार निवासी प्रसन्नजीत साह का मंगलवार को अपनी पत्नी सुरभि के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि सुरभि ने देर रात काशीपुर से अपनी मां, बहन, भाई और उनके दोस्तों को बुला लिया। आरोप है कि मायके वालों के पहुँचते ही सभी ने मिलकर प्रसन्नजीत और उसकी वृद्ध माता संध्या साह (70) पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय गणपति, एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी और सीओ डीआर वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज को साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए हैं।
सात बेटियों के सिर से उठा मां का साया इस दुःखद घटना के बाद मृतका संध्या साह की सातों बेटियां बदहवास हैं। मां की हत्या की खबर मिलते ही सभी बहनें मायके पहुँचीं, जहाँ उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्रीय विधायक अरविंद पांडेय ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
सभी आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पत्नी सुरभि साह, उसकी मां सुजाता, बहन दिशा, भाई अमन और दो अन्य साथियों के खिलाफ हत्या (धारा 103, BNS) व अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसएसपी अजय गणपति ने पुष्टि की है कि सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।
