ऊधम सिंह नगर: सड़कों पर ‘मौत’ का ओवरलोड, चंद रुपयों के मुनाफे के लिए दांव पर राहगीरों की जान

बाजपुर (ऊधम सिंह नगर): जनपद के बाजपुर क्षेत्र में इन दिनों व्यावसायिक लाभ की अंधी दौड़ ने सड़कों को असुरक्षित बना दिया है। क्षमता से अधिक भार और मानक से अधिक लंबाई का सामान लादकर वाहन सड़कों पर बेरोकटोक दौड़ रहे हैं, जिससे राहगीरों और छोटे वाहन चालकों के सिर पर हर समय मौत का साया मंडरा रहा है। विडंबना यह है कि हाल ही में हुई एक दर्दनाक घटना के बावजूद, जिसमें ओवरलोड भूसे से लदे ट्रॉले ने एक युवक की जान ले ली थी, प्रशासन और वाहन स्वामियों की नींद नहीं टूटी है।

हादसे से नहीं लिया सबक, हाईवे पर ‘यमदूतों’ का राज बीते दिन हुए जानलेवा हादसे के ठीक बाद शुक्रवार को भी रुद्रपुर-काशीपुर हाईवे पर स्थिति भयावह बनी रही। पूरे दिन ट्रक, डंपर, ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रॉले भूसी, सरिया, स्क्रेप और बिल्डिंग मटेरियल को तय क्षमता से कई गुना अधिक लादकर सड़कों पर खुलेआम घूमते नजर आए। पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात जागरूकता के नाम पर निकाली गई बाइक रैली और परिवहन विभाग के औपचारिक कार्यक्रमों का असर धरातल पर शून्य दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि ओवरलोडिंग के कारण वाहनों के टायर फटने और उनके अनियंत्रित होने की संभावना सदैव बनी रहती है।

ई-रिक्शा और व्यवसायिक वाहनों का गठजोड़ न केवल भारी वाहन, बल्कि सवारियों के लिए वैध ई-रिक्शा भी अब बड़े पैमाने पर माल ढुलाई के लिए उपयोग किए जा रहे हैं। मानकों की अनदेखी कर इनमें क्षमता से अधिक वजन लादा जा रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि थोड़े से निजी स्वार्थ के लिए व्यवसायिक वाहन संचालक लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, जबकि प्रवर्तन एजेंसियां केवल इतिश्री करने में जुटी हैं।

प्रशासन का दावा: सख्त कार्रवाई की तैयारी मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों का कहना है कि वाहनों में ओवरलोड और ओवर हाइट माल लादना यातायात नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। प्रशासन ने दावा किया है कि भविष्य में ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें सीज करने के साथ-साथ भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा। वर्तमान में भूसे से भरे और क्षमता से अधिक भार ढोने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की बात कही जा रही है।

हालांकि, स्थानीय जनता का सवाल है कि क्या प्रशासन किसी और बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है या फिर इन सड़कों को वास्तव में सुरक्षित बनाया जाएगा?

error: Content is protected !!