बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद में माफिया मुख्तार अंसारी के करीबी रहे अधिवक्ता शोएब किदवई उर्फ बॉबी की सनसनीखेज हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हमलावरों की नृशंसता की पुष्टि कर दी है, जिसके अनुसार शोएब के शरीर को 10 गोलियों से छलनी किया गया था। हाईवे पर दिनदहाड़े अंजाम दी गई इस वारदात ने कानून व्यवस्था और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्राइम सीन का री-क्रिएशन और गहन जांच मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं। शनिवार को पुलिस ने घटनास्थल का पुनः निरीक्षण कर ‘क्राइम सीन री-टेक’ किया। पुलिस अब उन 50 मिनटों के ‘गोल्डन टाइम फ्रेम’ (दोपहर 12:50 से 1:40 बजे) पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जिसके भीतर इस पूरी वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार होने में सफल रहे।
250 कैमरों की फुटेज और मोबाइल डेटा खंगाल रही पुलिस जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने लखनऊ से बाराबंकी के बीच हाईवे, टोल प्लाजा और पेट्रोल पंपों पर लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ली है। इसके साथ ही मोबाइल टावरों के डंप डेटा के जरिए उन संदिग्ध नंबरों की पहचान की जा रही है जो घटना के वक्त शोएब की कार के आसपास सक्रिय थे। पुलिस ने मृतक के चालक और तीन अन्य परिचितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रॉपर्टी विवाद और आपराधिक इतिहास पर टिकी सुई अधिवक्ता होने के साथ-साथ शोएब किदवई प्रॉपर्टी डीलिंग के व्यवसाय से भी जुड़े थे। पुलिस हाल के दिनों में हुए बड़े आर्थिक लेन-देन और सौदों की पड़ताल कर रही है। हालांकि परिजनों का कहना है कि शोएब पिछले 15 वर्षों से शांत जीवन व्यतीत कर रहे थे, लेकिन पुलिस उनके पुराने आपराधिक इतिहास को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है। गौरतलब है कि शोएब पर 1999 के बहुचर्चित जेलर आरके तिवारी हत्याकांड समेत कुल 12 मामले दर्ज थे।
गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक शनिवार शाम कड़ी सुरक्षा के बीच शोएब किदवई को उनके पैतृक गांव गादिया में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री फरीद महफूज किदवई और कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का दावा है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर बहुत जल्द हमलावरों को सलाखों के पीछे पहुँचाया जाएगा।
