Screenshot_9

मुजफ्फरनगर (शाहपुर): उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बसी कलां गांव से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की मर्यादा और मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ एक ननद ने अपनी ही भाभी से प्रतिशोध लेने के लिए क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी महिला ने न केवल अपनी चार वर्षीय मासूम भतीजी को पानी के टैंक में डुबोकर मार डाला, बल्कि अपनी भाभी और अन्य बच्चों पर भी जानलेवा हमला किया।

साजिश और नशीली चाय का जाल पुलिस जांच में सामने आया है कि 24 वर्षीय आरोपी माना, अपनी भाभी फिरदौस द्वारा की जाने वाली टोका-टाकी से बेहद क्षुब्ध थी। वारदात वाली रात उसने पूरे परिवार को विश्वास में लेकर चाय पिलाई, जिसमें उसने पहले से ही नींद की गोलियां मिला दी थीं। जब जहर के असर से पूरा परिवार अचेत हो गया, तब आरोपी ने अपने खौफनाक मंसूबों को अंजाम देना शुरू किया।

मासूम इसरा की बेरहमी से हत्या आरोपी के निशाने पर सबसे पहले भाभी की सबसे लाडली बेटी, 4 साल की इसरा आई। माना ने सोती हुई मासूम को उठाया और घर के भीतर बने पानी के टैंक में डाल दिया। इसके बाद उसने टैंक का ढक्कन बंद कर दिया ताकि बच्ची बाहर न निकल सके। पानी में दम घुटने के कारण मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।

भाभी पर हमला और अपहरण का ड्रामा बच्ची की हत्या के बाद आरोपी ने अपनी भाभी फिरदौस के पेट पर चाकू से वार किया। हमले के दौरान फिरदौस की चीख सुनकर उसके अन्य बच्चे (शाद, आयशा और नबिया) जाग गए और मां से लिपट गए, जिसके कारण वे भी मामूली रूप से घायल हो गए। शोर मचने पर आरोपी ने स्वयं को बचाने के लिए घर में ‘बदमाशों’ के आने और बच्ची के ‘अपहरण’ का शोर मचाना शुरू कर दिया। उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए स्वयं भी बेहोश होने का नाटक रचा।

विवाद की जड़: प्रेम प्रसंग और शादी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय वर्मा के अनुसार, घटना के पीछे मुख्य कारण आरोपी ननद का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग था। भाभी फिरदौस ने ही ननद का रिश्ता दूसरी जगह तय कराया था और उसे प्रेमी से बात करने पर टोकती थी। इसी नफरत की आग में जल रही ननद ने पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रची थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मृतका के मामा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!