मिशन ‘हैट्रिक’ की तैयारी: भाजपा कोर कमेटी की अहम बैठक, जेपी नड्डा और धामी बनाएंगे जीत का रोडमैप

देहरादून/जौलीग्रांट

उत्तराखंड की राजनीतिक सरगर्मियां आज उस समय और तेज हो गईं, जब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। उनके आगमन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देने के उद्देश्य से भाजपा ने आज कोर कमेटी की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आहूत की है।

जौलीग्रांट स्थित एक निजी होटल में आयोजित होने वाली इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता स्वयं जेपी नड्डा करेंगे। प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी यानी ‘जीत की हैट्रिक’ लगाने के संकल्प के साथ भाजपा ने अपनी सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। इस बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी विधानसभा चुनाव की कार्ययोजना तैयार करना है।

बैठक के दौरान चुनावी मुद्दों के चयन से लेकर विधानसभा और बूथ स्तर तक की सूक्ष्म रणनीति पर व्यापक चर्चा की जाएगी। विशेष रूप से इस बात पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जन-जन तक सरकार की उपलब्धियों को किस प्रकार प्रभावी ढंग से पहुंचाए।

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने हाल ही में प्रदेश भर में प्रथम चरण का सर्वे कार्य पूर्ण किया है। इस दृष्टि से कोर कमेटी की यह बैठक अत्यधिक निर्णायक मानी जा रही है। सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर उन सीटों की पहचान की जाएगी जहां पार्टी स्वयं को सुदृढ़ या चुनौतीपूर्ण स्थिति में पाती है। विधायकों और मंत्रियों के प्रदर्शन की समीक्षा के साथ ही भावी रणनीति पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के हालिया बयानों ने भी स्थिति स्पष्ट कर दी है, जिसमें उन्होंने संकेत दिया था कि वर्तमान प्रतिनिधि अपनी ही सीटों पर सक्रिय रहें। ऐसे में सीट परिवर्तन की संभावनाओं को दरकिनार करते हुए पार्टी अब केवल ‘विजय संकल्प’ पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित कर रही है।

error: Content is protected !!