लखनऊ में रिश्तों का ‘कत्ल-ए-आम’: नशे में धुत्त बड़े भाई ने सगे भाई के सिर पर लोहे की रॉड से किए ताबड़तोड़ वार; खांडेदेव गांव में सनसनी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाली एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। खांडेदेव गांव में एक बड़े भाई ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपने ही सगे छोटे भाई की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। हमला तब किया गया जब 24 वर्षीय छोटा भाई आलोक गौतम उर्फ ‘गोलू’ गहरी नींद में सो रहा था। इस खौफनाक मंजर के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार की रात आरोपी श्रवण और उसके छोटे भाई गोलू के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। बताया जा रहा है कि उस समय दोनों नशे की हालत में थे। विवाद के शांत होने के बाद गोलू अपने कमरे में सोने चला गया, लेकिन श्रवण के सिर पर खून सवार था। जैसे ही छोटा भाई गहरी नींद में सोया, श्रवण ने लोहे की भारी रॉड उठाई और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने तब तक वार किए जब तक गोलू के प्राण नहीं निकल गए। चीख-पुकार सुनकर घर में मौजूद अन्य सदस्य जागे तो मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलने पर बंथरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रॉड बरामद कर ली है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
