क्रूरता: 4 महीने की गर्भवती जांबाज कमांडो काजल की हत्या, रक्षा मंत्रालय में क्लर्क पति ने पैसों के विवाद में ली जान

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात 24 वर्षीय SWAT कमांडो काजल चौधरी की हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। द्वारका में खरीदे गए एक फ्लैट की किश्तों (EMI) और घरेलू कलह के कारण काजल के पति अंकुर ने जिम के डंबल से हमला कर उनकी जान ले ली। पुलिस ने आरोपी अंकुर को गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया है।

4 महीने की गर्भवती थी काजल दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह वारदात दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में हुई। काजल 4 महीने की गर्भवती थीं। 22 जनवरी की रात पति-पत्नी के बीच द्वारका मोड़ स्थित फ्लैट के 27 लाख रुपये के लोन को चुकाने को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि रक्षा मंत्रालय में क्लर्क के पद पर तैनात अंकुर ने जिम में इस्तेमाल होने वाले भारी डंबल से काजल के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अस्पताल में पांच दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद काजल ने दम तोड़ दिया।

दहेज और तंगहाली का एंगल काजल के परिवार ने आरोप लगाया है कि शादी के कुछ समय बाद से ही अंकुर और उसके परिजन दहेज के लिए काजल को प्रताड़ित कर रहे थे। काजल अपने ससुराल वालों से अलग रहना चाहती थीं, जिसे लेकर अंकुर नाराज रहता था। पूछताछ में अंकुर ने दावा किया कि वे दोनों आर्थिक तंगी से गुजर रहे थे और फ्लैट की किश्तें चुकाना उनके लिए मुश्किल हो रहा था।

भाई फोन पर सुनता रहा चीखें इस मामले में सबसे हृदयविदारक पहलू यह रहा कि जिस समय अंकुर ने काजल पर हमला किया, उस समय काजल अपने भाई से फोन पर बात कर रही थीं। भाई ने फोन पर ही अपनी बहन की चीखें सुनीं। फिलहाल पुलिस लोन के दस्तावेजों और कॉल रिकॉर्ड्स की गहनता से जांच कर रही है।

error: Content is protected !!