0G4A4843

– रंगारंग प्रस्तुतियों, मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी ने समारोह को बनाया यादगार
– शिक्षा और संस्कारों का संगम, ‘माँ काली’ की नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों में भरा जोश

रुद्रपुर। शहर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान कोलंबस पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर ने अपना 29वाँ स्थापना दिवस समारोह बेहद भव्यता, गरिमा और उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया। स्थानीय मॉडल कॉलोनी स्थित विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, अनुशासन और सांस्कृतिक विविधता का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला।

दिग्गज विभूतियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में अशोका लेयलैंड लिमिटेड (उत्तर भारत क्षेत्र) के मैन्युफैक्चरिंग हेड श्री सचिन कुमार गोयल उपस्थित रहे। उनके साथ बैंकिंग जगत के प्रमुख अधिकारी बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए, जिनमें निखिल पाहवा (शाखा प्रबंधक, बैंक ऑफ बड़ौदा), किशन कुमार (शाखा प्रबंधक, आईसीआईसीआई बैंक), योगेश शर्मा (शाखा प्रबंधक, केनरा बैंक) तथा श्री हेमंत त्रिपाठी (शाखा प्रबंधक, एचडीएफसी बैंक) का नाम शामिल रहा। अतिथियों का स्वागत विद्यालय के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार खेड़ा ने पारंपरिक रूप से अंगवस्त्र ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन, काली’ अवतार रहा आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ शारदा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी सुरीली आवाजों में स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। नन्हे-मुन्ने बाल कलाकारों की नृत्य प्रस्तुतियों ने ऐसा समाँ बाँधा कि मुख्य अतिथि सहित समस्त दर्शक दीर्घा तालियाँ बजाने पर मजबूर हो गई। विशेष रूप से, माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देवी काली के महत्व पर आधारित नृत्य प्रदर्शन कार्यक्रम का शो-स्टॉपर रहा। इस प्रस्तुति की सजीवता और ऊर्जा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और खूब सराहना बटोरी।

शिक्षा और खेल के क्षेत्र में लहराया परचम
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार ने वार्षिक आख्या प्रस्तुत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक, खेल और सांस्कृतिक उपलब्धियों का विस्तार से ब्यौरा दिया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कोलंबस पब्लिक स्कूल का लक्ष्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना और उनमें नैतिक मूल्यों का संवर्धन करना है।

प्रतिभाओं का सम्मान और मेडल वितरण
समारोह के दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 के शानदार प्रदर्शन के लिए प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 9वीं एवं 11वीं तक के मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कॉलर मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय से शिक्षा पाकर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में नाम रोशन करने वाले पूर्व छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। पूरे वर्ष की प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले हाउस को इस वर्ष की प्रतिष्ठित कॉक हाउस ट्रॉफी प्रदान की गई।

विद्यार्थियों को मिला सफलता का मंत्र
मुख्य अतिथि सचिन कुमार गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा और कला का ऐसा सुंदर समन्वय बहुत दुर्लभ है। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहाँ विद्यार्थियों को जीवनोपयोगी कौशल सिखाया जा रहा है जो उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा। उन्होंने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


कार्यक्रम के अंत में विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया गया। विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या डॉ. कमलेश मित्तल ने सभी गणमान्य अतिथियों, अभिभावकों और स्टाफ का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस भव्य अवसर पर विद्यालय परिवार के साथ श्रीमती राधिका खेड़ा, श्री अनिल ढींगरा, श्री केवल बतरा, डॉ. ललित उप्रेती, श्री एस.के. नैय्यर सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!