CPS_0010 (4)

रोमांचक मुकाबलों के बीच खिलाड़ियों ने दिखाया दम

रुद्रपुर। मॉडल कॉलोनी स्थित शहर के प्रतिष्ठित कोलम्बस पब्लिक स्कूल में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से अंडर-14 अंतर्विद्यालयी खो-खो प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय के इंटरैक्ट क्लब द्वारा आयोजित इस प्रतिस्पर्धा में बालक वर्ग में कोलम्बस पब्लिक स्कूल और बालिका वर्ग में जेसीज पब्लिक स्कूल ने खिताबी जीत हासिल कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पंतनगर कृषि महाविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. बी.एस. बिष्ट और विद्यालय के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार खेड़ा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और हवा में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक मनोज कुमार खेड़ा ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं, बल्कि यह छात्रों में अनुशासन और टीम भावना का संचार भी करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कोलम्बस पब्लिक स्कूल हमेशा से शिक्षा और खेल के बीच संतुलन बनाने का पक्षधर रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से हार-जीत की चिंता किए बिना खेल का भरपूर आनंद लेने और खेल भावना को सर्वाेपरि रखने का आह्वान किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार ने प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस टूर्नामेंट में शहर के विभिन्न 12 प्रमुख विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। मैदान में कुल 144 खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती और रणनीतिक कौशल का परिचय दिया। सुबह से शुरू हुए मुकाबलों में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें मेजबान कोलम्बस पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने स्टोन रिज इंटरनेशनल स्कूल की टीम को कड़े संघर्ष में परास्त कर विजेता का गौरव प्राप्त किया। वहीं, बालिका वर्ग के फाइनल मैच में जेसीज पब्लिक स्कूल ने उत्कृष्ट तालमेल दिखाते हुए कोलम्बस पब्लिक स्कूल को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

समापन समारोह में पहुंचे मुख्य अतिथि डॉ. बी.एस. बिष्ट ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास की नींव हैं। इस दौरान व्यक्तिगत श्रेणी में शानदार प्रदर्शन के लिए सोहेल खान, नयोनिका भट्ट, अनुज बिष्ट, तान्या तिवारी, माधव कथूरिया और अस्मि घुघतियाल को विशेष ट्रॉफी प्रदान की गई। खेल के दौरान अनुकरणीय व्यवहार और शालीनता के लिए जी.आर.डी. इंटरनेशनल स्कूल को श्सर्वश्रेष्ठ अनुशासनश् की ट्रॉफी से नवाजा गया।

इस गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान रोटेरियन मनोज अग्निहोत्री, रोटेरियन सुनील सोनी, रोटेरियन अतुल गुप्ता, रोटेरियन मदन अग्रवाल, रोटेरियन नीरज पांचाल, रोट्रैक्टर माधव मनोज खेड़ा, उपप्रधानाचार्या डॉ. कामेश मित्तल, क्लब सलाहकार डॉ. परविन्दर कौर, सह-सलाहकार रिद्धि कोचक सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। अतिथियों ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

error: Content is protected !!