काशीपुर: उत्तराखंड के काशीपुर में आईटीआई कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नीझड़ा फार्म के पास एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक रेस्टोरेंट में चल रही पार्टी के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने से मना करने पर कुछ दबंगों ने एक युवक के घर में घुसकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीजे की आवाज कम करने पर उपजा विवाद प्राप्त जानकारी के अनुसार, जसपुर खुर्द निवासी संदीप कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ८ फरवरी की दोपहर करीब ३ बजे उनके घर के समीप स्थित एक रेस्टोरेंट में कुछ लोग बेहद तेज आवाज में डीजे बजाकर पार्टी कर रहे थे। ध्वनि प्रदूषण और शोर से परेशान होकर जब संदीप और उनके चाचा मुरारीलाल ने आवाज कम करने का अनुरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की और शाम को देख लेने की धमकी दी।
लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुसे हमलावर आरोप है कि उसी शाम करीब ६ बजे आदित्य नेगी, नीरज नेगी, गुररानी और उनके साथ आए पांच अन्य अज्ञात लोग लाठी-डंडों से लैस होकर संदीप के घर में घुस आए। हमलावरों ने एकराय होकर संदीप पर जान से मारने की नियत से प्रहार करना शुरू कर दिया। शोर सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा मारपीट में गंभीर रूप से घायल संदीप को तत्काल एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर आईटीआई कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद सहित पांच अज्ञात लोगों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
