काशीपुर में भीषण सड़क हादसा: कार और स्कूटी की जोरदार भिड़ंत, शिक्षिका सहित चार घायल

काशीपुर/ऊधम सिंह नगर 

जनपद ऊधम सिंह नगर के काशीपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक अनियंत्रित कार और स्कूटी के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में चार लोग घायल हो गए। इस हादसे में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) की एक शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे पैगा पुलिस चौकी के समीप अलीगंज की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त ग्राम लालपुर निवासी दीपिका (26 वर्ष), जो महुआखेड़ा गंज स्थित जीजीआईसी में शिक्षिका हैं, अपनी स्कूटी से विद्यालय जा रही थीं। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार शिक्षिका सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पैगा पुलिस चौकी प्रभारी जसविंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कार सवार यात्रियों—राजेश, उनकी पत्नी मीनू और सुषमा को भी चोटें आई हैं, जिनका उपचार मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस दुर्घटना के बाद से स्थानीय क्षेत्र में यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है।

error: Content is protected !!