Screenshot_1

ऊधमसिंह नगर: मजदूरी का लालच देकर 15 साल के लड़के को ले गया था आरोपी; सिर और रीढ़ की हड्डी में आई गंभीर चोटें, दिल्ली में चल रहा इलाज।

जसपुर। जनपद ऊधमसिंह नगर के जसपुर क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने महज काम से मना करने पर 15 वर्षीय किशोर को मारपीट कर तीसरी मंजिल से नीचे धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल किशोर का दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लालच देकर ले गया था साथ

मोहल्ला नई बस्ती निवासी लक्ष्मी देवी द्वारा कोर्ट में दी गई जानकारी के अनुसार, यह घटना 13 नवंबर 2025 की है। उनका 15 वर्षीय पुत्र आंशु घर पर अकेला था, तभी सैफी मेडिकल स्टोर के पास रहने वाला इरफान उसे पैसे का लालच देकर मजदूरी कराने के बहाने अपने साथ ले गया।

अस्पताल पहुंचाकर फरार हुआ आरोपी

उसी दिन आरोपी ने लक्ष्मी देवी को फोन कर बताया कि उनका बेटा तीसरी मंजिल से गिरकर घायल हो गया है और उसे काशीपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब डॉक्टरों ने किशोर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया और परिजनों ने ऑपरेशन के लिए आरोपी से पैसों की मांग की, तो वह मौके से फरार हो गया।

होश आने पर खुला ‘खूनी’ राज

किशोर के सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उसे दिल्ली के एक बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई दिनों बाद जब किशोर को होश आया, तो उसने आपबीती सुनाई। आंशु ने बताया कि आरोपी उससे उसकी क्षमता से अधिक वजन उठाने का काम करवा रहा था। जब उसने मना किया, तो इरफान ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर उसे जान से मारने की नियत से तीसरी मंजिल से नीचे धक्का दे दिया।

पुलिस की कार्रवाई

एसपी स्वप्न कुमार सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपी इरफान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले के वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

error: Content is protected !!