Screenshot_10

किच्छा के दरऊ ग्राम पंचायत में 10.37 लाख के वित्तीय गबन का आरोप; 3 दिन में कार्रवाई न होने पर डीएम कार्यालय में धरने की चेतावनी।

किच्छा। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले की दरऊ ग्राम पंचायत में एक सनसनीखेज वित्तीय घोटाले का मामला सामने आया है। आरोप है कि पौड़ी जेल में बंद ग्राम प्रधान नाजिया बी के डिजिटल हस्ताक्षर (DSC) का दुरुपयोग कर पंचायत के खाते से 10.37 लाख रुपये से अधिक की धनराशि निकाल ली गई। यह गंभीर खुलासा किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने एक प्रेसवार्ता के दौरान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधान के 13 दिसंबर 2025 से जेल में होने के बावजूद, ब्लॉक अधिकारियों की मिलीभगत से 14 अलग-अलग बिलों के माध्यम से सरकारी धन का बंदरबांट किया गया।

विधायक बेहड़ ने दस्तावेजों का हवाला देते हुए बताया कि जब प्रधान जेल में थीं, तब उनके नाम से भुगतान के प्रस्ताव भेजे गए और डिजिटल हस्ताक्षर का उपयोग किया गया। उन्होंने एक संदिग्ध पत्र भी सार्वजनिक किया, जिसमें जेल में बंद प्रधान ने पैर में फ्रैक्चर होने का हवाला देकर अपने पति अब्दुल गफ्फार को अपना प्रतिनिधि नियुक्त करने की बात कही थी। विधायक का दावा है कि यह पत्र और हस्ताक्षर पूरी तरह फर्जी हैं और डीएससी का घोर दुरुपयोग है। उन्होंने ब्लॉक प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रधान के जेल जाते ही उनके डिजिटल सिग्नेचर ब्लॉक क्यों नहीं किए गए?

मामले की गंभीरता इसलिए भी अधिक है क्योंकि ग्राम प्रधान नाजिया बी के खिलाफ पूर्व में भी धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। विधायक ने प्रशासन से मांग की है कि चुनाव के दौरान दाखिल शपथ पत्र की भी जांच की जाए कि क्या इन आपराधिक मामलों का उल्लेख वहां किया गया था। बेहड़ ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो वे जिलाधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।

दूसरी ओर, प्रधान पति अब्दुल गफ्फार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक विद्वेष करार दिया है। उनका कहना है कि भुगतान पुराने विकास कार्यों के बदले ठेकेदारों को किया गया है और विधायक उनकी बढ़ती लोकप्रियता से झल्लाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि वे भाजपा प्रत्याशी को मजबूती से चुनाव लड़ाएंगे और इन आरोपों का जवाब अदालत और अल्पसंख्यक आयोग में देंगे।

error: Content is protected !!