Screenshot_23

रानीपोखरी पुलिस ने थानो मार्ग से बिहार निवासी आरोपी को किया गिरफ्तार; 22 फरवरी की रात पैसों के लेनदेन में हुआ था विवाद।

ऋषिकेश/रानीपोखरी। रानीपोखरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत थानो के धारकोट इलाके में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। यहाँ एक निर्माणाधीन मकान में साथ काम करने वाले मजदूर ने मामूली विवाद के बाद अपने ही साथी के सिर पर हथौड़ा मारकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को थानो-भुइया मंदिर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया है।

पैसे के विवाद में छिड़ा खूनी संघर्ष

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बबलू (निवासी बहराइच, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जो पेशे से मिस्त्री था। आरोपी पप्पू साहनी (निवासी बेगूसराय, बिहार) उसके साथ ही मजदूरी करता था। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि 22 फरवरी की रात दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर बहस हुई थी। विवाद इतना बढ़ा कि पप्पू ने पास रखे हथौड़े से बबलू के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया।

वारदात के बाद रची चालाकी की साजिश

बबलू के सिर पर गहरी चोट लगने से वह मौके पर ही अचेत हो गया। जब पप्पू ने देखा कि उसके शरीर में कोई हलचल नहीं है, तो वह घबरा गया। पकड़े जाने के डर से उसने शव को वहीं एक कमरे में कंबल से ढका और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। बीते बृहस्पतिवार को जब स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन मकान में किसी को अचेत देखा, तब पुलिस को सूचना दी गई। जौलीग्रांट अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

सीओ नीरज सेमवाल ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और मृतक के भाई प्रमोद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी पप्पू साहनी को थानो रोड से दबोच लिया। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद करने की प्रक्रिया जारी है।

error: Content is protected !!