नगर कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई; बिना आईडी कमरा देने वाले मैनेजर समेत तीन आरोपी भेजे गए जेल, पीड़िता को बातों में उलझाकर ले गए थे गेस्ट हाउस।
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां बस अड्डे से ऑटो में सवार हुई एक महिला को साजिश के तहत गेस्ट हाउस ले जाकर उसका यौन शोषण किया गया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए ऑटो चालक, कार चालक और होटल मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेशी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
साजिश के तहत ‘ट्रांसफर’ की गई पीड़िता
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना शनिवार रात की है। पीड़िता हरिद्वार बस अड्डे के पास से एक ऑटो में सवार हुई थी। कुछ ही दूरी पर ऑटो चालक ने उसे एक कार में बैठा दिया। आरोप है कि कार चालक उसे अपनी बातों में उलझाकर शिवमूर्ति गली स्थित ‘सुकून गेस्ट हाउस’ ले गया।
मैनेजर की मिलीभगत और हैवानियत
होटल मैनेजर ने नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए न तो महिला की आईडी ली और न ही रजिस्टर में कोई एंट्री की। इसके बाद कमरे में ले जाकर महिला का यौन शोषण किया गया। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर महिला कोतवाली पहुंची और आपबीती सुनाई। पीड़िता ने श्याम और अंकित पर दुष्कर्म और गोविंदा (मैनेजर) पर उनकी सहायता करने का आरोप लगाया।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियां
एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने रविवार को घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को घोड़ा घाट के पास नहर पटरी से दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों का विवरण:
-
अंकित वर्मा (ऑटो चालक): निवासी बिजनौर, हाल निवासी सराय ज्वालापुर।
-
श्याम साहू (कार चालक): निवासी शास्त्री नगर, ज्वालापुर।
-
गोविंदा सिंह (मैनेजर): निवासी मुरादाबाद, हाल मैनेजर सुकून गेस्ट हाउस।
