Screenshot_82

हरिद्वार: ‘एक्स मुस्लिम यात्रा’ के समापन पर बवाल; हरकी पैड़ी पर टोपी पहनकर पहुँचे युवक, श्रीगंगा सभा ने राम विशाल दास को बताया ‘कालनेमि’

हरिद्वार। बिजनौर से शुरू हुई ‘एक्स मुस्लिम यात्रा’ रविवार को हरिद्वार के ब्रह्मकुंड, हरकी पैड़ी पर संपन्न हुई। इस्लाम त्यागकर सनातन धर्म अपनाने वाले लोगों द्वारा निकाली गई इस यात्रा का उद्देश्य मुस्लिम समाज को जागरूक करना था। लेकिन यात्रा के समापन के दौरान कुछ युवकों के मुस्लिम वेशभूषा (टोपी) में हरकी पैड़ी पहुँचने पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। श्रीगंगा सभा ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे धार्मिक मर्यादाओं का उल्लंघन बताया है।

बिजनौर से हरकी पैड़ी तक का सफर

यात्रा के संयोजक इमरोज आलम के नेतृत्व में यह यात्रा शनिवार को बिजनौर के गंगा बैराज से शुरू हुई थी। रविवार को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच यात्रा हरिद्वार पहुँची, जहाँ प्रतिभागियों ने गंगा स्नान और पूजन किया। यात्रा का उद्देश्य ‘घर वापसी’ का संदेश देना था। समापन के बाद यात्रियों को पुलिस सुरक्षा में वापस उत्तर प्रदेश की सीमा में छोड़ा गया।

वेशभूषा पर भड़की श्रीगंगा सभा

विवाद तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो सामने आए, जिनमें दो युवक मुस्लिम समाज की पारंपरिक टोपी पहनकर हरकी पैड़ी क्षेत्र में दिखाई दिए। श्रीगंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब हरकी पैड़ी क्षेत्र में गैर-हिंदुओं का प्रवेश वर्जित है, तो ऐसी वेशभूषा में लोग वहाँ कैसे पहुँचे?

राम विशाल दास पर कार्रवाई की मांग

श्रीगंगा सभा ने यात्रा का स्वागत करने वाले और उन्हें वहाँ ले जाने वाले राम विशाल दास पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘कालनेमि’ करार दिया। सभा ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि धार्मिक भावनाओं और वर्जित क्षेत्र की मर्यादा तोड़ने के आरोप में राम विशाल दास पर कानूनी कार्रवाई की जाए।

error: Content is protected !!