कानपुर देहात। जनपद के मंगलपुर थाना क्षेत्र से एक हृदय विदारक और सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है, जहाँ एक शिक्षक ने अपने ही छात्र की निर्मम हत्या कर गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया। करियाझाला मोड़ पर हुई इस वारदात ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक अनूप के किसी महिला से अवैध संबंधों की जानकारी कक्षा 11 के छात्र सौरभ को हो गई थी। आरोप है कि सौरभ इस राज को गोपनीय रखने के बदले शिक्षक से लगातार रुपयों की मांग कर उसे ब्लैकमेल कर रहा था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर शिक्षक अनूप ने खौफनाक साजिश रची और रविवार शाम सौरभ को मिलने के बहाने करियाझाला मोड़ पर बुलाया, जहाँ उसने धारदार हथियार से छात्र पर हमला कर उसका गला रेत दिया।
गंभीर रूप से घायल सौरभ ने दम तोड़ने से पहले अस्पताल में हिम्मत दिखाते हुए आरोपी शिक्षक का नाम उजागर कर दिया। हालांकि, चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया, जहाँ उसे मृत घोषित कर दिया गया। सीओ डेरापुर, सौरभ वर्मा के मुताबिक, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन तफ्तीश जारी है।
