Screenshot_18

शालीमार गार्डन में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल; पुलिस ने आरोपी अमन और संदीप के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा, तलाश तेज।

गाजियाबाद। साहिबाबाद के शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र से एक 17 वर्षीय किशोरी के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी पिछले 20 दिनों से घर से गायब है, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। इस मामले में किशोरी के नाना ने क्षेत्र के ही रहने वाले एक युवक अमन और उसके मामा संदीप के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर 26 फरवरी की रात मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, किशोरी 7 फरवरी को घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद परिवार को पता चला कि उनके इलाके में ही किराए पर रहने वाला अमन उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। आरोप है कि इस पूरी साजिश में अमन के मामा संदीप ने उसका पूरा साथ दिया। पीड़ित नाना का कहना है कि जब उन्होंने संदीप से संपर्क किया, तो उसने स्वीकार किया कि किशोरी उनके पास है और उसे जल्द वापस भेजने का आश्वासन भी दिया। हालांकि, कई दिन बीत जाने के बाद भी जब किशोरी घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने पुलिस की शरण ली।

एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सर्विलांस की मदद से आरोपियों के मोबाइल नंबर ट्रेस कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। फिलहाल, इस घटना से क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल है और परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द न्याय की गुहार लगाई है।

error: Content is protected !!