धारदार हथियार लेकर घूम रहा था कातिल, पत्नी ने भी दी थी चेतावनी; आखिर क्यों सोती रही खुड़बुड़ा पुलिस?

देहरादून। राजधानी के व्यस्ततम दूल्हा बाजार में दिनदहाड़े हुई गुंजन की जघन्य हत्या ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि पुलिस की संवेदनशीलता को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है। जैसे-जैसे इस मामले की परतें खुल रही हैं, यह स्पष्ट हो रहा है कि यदि खुड़बुड़ा पुलिस चौकी ने समय रहते सक्रियता दिखाई होती, तो आज एक बेटी जीवित होती।

हथियार लेकर घूम रहा था आरोपी, पत्नी ने दी थी सूचना मृतक गुंजन के चचेरे भाई अंश ने पुलिस की जांच के बीच एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी आकाश पिछले दो दिनों से इलाके में धारदार हथियार लेकर खुलेआम घूम रहा था। हद तो तब हो गई जब 31 जनवरी को स्वयं आरोपी आकाश की पत्नी ने गुंजन के परिजनों को फोन कर आगाह किया था कि उसका पति हिंसक हो चुका है और उसके पास हथियार है।

पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल परिजनों का आरोप है कि घटना से महज तीन दिन पूर्व उन्होंने खुड़बुड़ा चौकी में गुंजन की जान को खतरा बताते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। पूर्व में भी आकाश द्वारा परेशान किए जाने पर गुंजन ने पुलिस की शरण ली थी, लेकिन तब पुलिस ने सख्त कानूनी कार्रवाई के बजाय दोनों पक्षों के बीच ‘समझौता’ कराकर मामले को शांत कर दिया। इसी ‘समझौते’ ने अपराधी के हौसले बुलंद कर दिए।

शादी का दबाव और फिल्मी अंदाज में धमकी पुलिस को दी गई तहरीर में परिजनों ने बताया कि आकाश गुंजन पर शादी करने का अनुचित दबाव बना रहा था। उसने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि गुंजन उससे शादी नहीं करेगी, तो वह उसे जान से मार देगा। आरोपी ने जिस तरह फिल्मी अंदाज में धमकी दी और फिर सोमवार को चापड़ से हमला कर वारदात को अंजाम दिया, उससे साफ है कि यह पूरी घटना एक सोची-समझी साजिश का परिणाम थी।

व्यापारियों में भारी रोष शहर के बीचों-बीच हुई इस हिंसक वारदात के बाद दूल्हा बाजार के व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा गया। सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज व्यापारियों ने विरोध स्वरूप बाजार बंद रखा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन स्थानीय जनता में इस बात को लेकर गहरा असंतोष है कि पुलिस ने परिजनों की शुरुआती शिकायतों को गंभीरता से क्यों नहीं लिया।

error: Content is protected !!