Screenshot_67

मेरठ में महामातम: 100 साल की दादी को विदा करने गए 4 पोते गंगा में समाए; दो सगे भाइयों के उजड़ गए ‘चिराग’, मां बोली— “गंगा मैया मुझे ले जाओ, बच्चे लौटा दो”

मेरठ (हस्तिनापुर)। जनपद के इंचौली थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में एक ऐसा वज्रपात हुआ है जिसकी कल्पना मात्र से कलेजा मुंह को आता है। शुक्रवार दोपहर हस्तिनापुर के मखदूमपुर गंगा घाट पर अपनी 100 वर्षीय दादी भगवती देवी का अंतिम संस्कार करने गए एक ही परिवार के चार चचेरे भाई गंगा की लहरों में ओझल हो गए। दो सगे भाइयों—कमल सिंह सैनी और सोनू के घर के चारों चिराग एक साथ बुझने से पूरे क्षेत्र में कोहराम मचा है। देर रात तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद भी होनहार युवाओं का कोई सुराग नहीं लग सका है।

अंतिम संस्कार के बाद स्नान के दौरान हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, 100 वर्षीय भगवती देवी के निधन के बाद परिवार मखदूमपुर घाट पहुँचा था। अंतिम संस्कार की रस्में पूरी करने के बाद परिवार के पाँच युवक—अभिषेक (21), हिमांशु (17), दीपांशु (17), प्रियांशु (15) और प्रदीप गंगा स्नान के लिए पानी में उतरे। दुर्भाग्यवश, चारों भाई नहाते समय गहरे पानी (कुंड) की चपेट में आ गए। किनारे पर मौजूद राहुल ने अपनी जान पर खेलकर प्रदीप को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन चारों भाई देखते ही देखते लहरों में समा गए।

होली के बाद पसरा सन्नाटा: दो माताओं का करुण विलाप

हादसे के बाद जलालपुर गांव की हर आंख नम है। कमल सिंह के बड़े बेटे अभिषेक (एलएलबी छात्र) और हिमांशु (10वीं छात्र) की मां बिजेंद्री अपने बेटों के कपड़ों को सीने से लगाकर बार-बार बेसुध हो रही हैं। वहीं, सोनू के दोनों बेटे दीपांशु (12वीं छात्र) और प्रियांशु (10वीं छात्र) के डूबने से उनकी मां मुनेश का विलाप सुनकर पत्थर दिल भी पिघल गए। मुनेश बार-बार गंगा मैया से गुहार लगा रही थीं— “मैया मुझे ले जाओ, मेरे बच्चों को लौटा दो।” अब सोनू के घर में केवल इकलौती बेटी दिव्यांशी बची है।

प्रशासनिक अमला मुस्तैद, रात भर चला सर्च ऑपरेशन

हादसे की जानकारी मिलते ही एसएसपी अविनाश पाण्डेय, एडीएम सूर्यकांत त्रिपाठी और एसपी देहात समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पीएसी (PAC) के गोताखोरों ने अंधेरे में भी सर्च ऑपरेशन जारी रखने के लिए विशेष लाइटों का इंतजाम किया। ग्रामीणों और प्रशासन की टीमें अभी भी उम्मीद और गम के बीच गंगा किनारे डटी हुई हैं।

error: Content is protected !!