दिल्ली के बवाना में सनसनी: घोषित बदमाश के बेटे की बेरहमी से हत्या; शराब पीने दोस्तों के साथ निकला था युवक, खेत में मिली सड़ी-गली लाश
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले के बवाना इलाके में अपराध की दुनिया से जुड़ी एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ मंगेशपुर इलाके के एक खेत में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय प्रदीप के रूप में हुई है, जो बवाना थाने के घोषित बदमाश (BC) मंगूराम का बेटा था। पिछले चार दिनों से लापता प्रदीप की हत्या कर उसके शव को खेत में ठिकाने लगा दिया गया था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
दोस्तों के साथ गया और फिर नहीं लौटा
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) हरेश्वर वी. स्वामी के अनुसार, परिजनों ने पूछताछ में बताया कि प्रदीप 29 मार्च की दोपहर करीब दो बजे अपने तीन साथियों के साथ शराब पीने के लिए निकला था। इसके बाद वह घर वापस नहीं आया। मंगलवार को जब उसकी पत्नी ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, उसी दिन पुलिस को मंगेशपुर के खेतों में एक सड़ी-गली हालत में शव पड़े होने की सूचना मिली।
भाई ने की शिनाख्त, गैंगवार की आशंका
शव की हालत इतनी खराब थी कि शुरुआती दौर में पहचान करना मुश्किल था, लेकिन प्रदीप के भाई अनिल ने कपड़ों और अन्य निशानों के आधार पर उसकी शिनाख्त की। प्रदीप का पिता मंगूराम पुलिस रिकॉर्ड में घोषित बदमाश है, ऐसे में पुलिस इस कोण से भी जांच कर रही है कि क्या यह हत्या किसी पुरानी रंजिश या गैंगवार का परिणाम तो नहीं है। पुलिस उन तीन दोस्तों की तलाश कर रही है जो आखिरी बार प्रदीप के साथ देखे गए थे।
