Screenshot_38

बिहार राज्यसभा चुनाव 2026: कांग्रेस के 3 विधायक ‘गायब’, सियासी गलियारों में ‘खेला’ होने की सुगबुगाहट; शाम 6 बजे पर टिकी नजरें

पटना। बिहार की राजनीति में एक बार फिर ‘रिजॉर्ट पॉलिटिक्स’ और ‘क्रॉस वोटिंग’ की चर्चाएं तेज हो गई हैं। राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए हो रही वोटिंग के बीच महागठबंधन, विशेषकर कांग्रेस के खेमे में बड़ी हलचल देखी जा रही है। खबर है कि कांग्रेस के तीन विधायक अचानक ‘नॉट रिचेबल’ हो गए हैं, जिससे राज्यसभा की पांचवीं सीट का समीकरण बेहद दिलचस्प और पेचीदा हो गया है।

महागठबंधन में बेचैनी: एनडीए पर ‘ऑफर’ देने का आरोप

वोटिंग के दौरान इन विधायकों की अनुपस्थिति ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की नींद उड़ा दी है। कांग्रेस विधायक आबिदुर रहमान ने सीधे तौर पर एनडीए पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि उनके विधायकों को प्रलोभन दिया जा रहा है और उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि विधायकों के फोन जानबूझकर बंद करवाए गए हैं ताकि उनसे संपर्क न किया जा सके।

कमरूल होदा का रहस्यमयी बयान: ‘6 बजे तक इंतजार करें’

इस पूरे घटनाक्रम के बीच कांग्रेस विधायक कमरूल होदा के बयान ने सस्पेंस और बढ़ा दिया है। जहां एक ओर विधायकों के गायब होने की खबर है, वहीं होदा ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा, “थोड़ा इंतजार कीजिए, शाम छह बजे तक सब साफ हो जाएगा।” उन्होंने दावा किया कि पार्टी के सभी 41 विधायक एकजुट हैं और जो विधायक अभी नहीं पहुंचे हैं, वे रास्ते में हैं। हालांकि, राजनीति के जानकारों का मानना है कि ‘6 बजे तक का इंतजार’ किसी बड़े उलटफेर की ओर इशारा कर सकता है।

error: Content is protected !!