Screenshot_81

बिहार: बगहा में शराब तस्कर का पुलिस पर ‘हिंसक’ हमला; पकड़े जाने पर सिपाही को दांत से काटा, पत्थरबाजी कर भागने की कोशिश

बगहा (पटखौली)। बिहार के बगहा में शराब तस्करी के खिलाफ छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर एक शातिर तस्कर ने जानलेवा हमला कर दिया। बगहा रेलवे स्टेशन के पास हुई इस घटना में तस्कर ने खुद को बचाने के लिए न केवल पुलिस पर पत्थर बरसाए, बल्कि उसे पकड़ने वाले सिपाही को दांत से काटकर लहूलुहान कर दिया। हालांकि, घायल होने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया।

घेराबंदी देख रेलवे लाइन की ओर भागा तस्कर

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सेमरा-बगहा मुख्य मार्ग से शराब की एक बड़ी खेप गुजरने वाली है। इस पर एसआई शौकत अली और एसआई एस.के. मांझी की टीम ने रेलवे स्टेशन के पास जाल बिछाया। इसी दौरान दो झोले लेकर आ रहे एक संदिग्ध ने पुलिस को देखते ही दौड़ लगा दी। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी रेलवे ट्रैक की ओर भागा और वहां पड़े पत्थरों से पुलिस टीम पर हमला शुरू कर दिया।

साहस और संघर्ष: सिपाही मिथिलेश हुए जख्मी

तस्कर को भागता देख क्यूआरटी के सिपाही मिथिलेश कुमार ने उसे पकड़ लिया। खुद को घिरा देख तस्कर हिंसक हो गया और उसने सिपाही मिथिलेश के हाथ पर दांत से जोर से काट लिया और पत्थरों से भी वार किया। इस संघर्ष में तस्कर भी मामूली रूप से जख्मी हुआ। बाद में अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे काबू किया और उसके पास से 10 लीटर देशी शराब बरामद की।

पुराना अपराधी है आरोपी शमीम

पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर की पहचान नरईपुर निवासी शमीम अहमद के रूप में हुई है। शमीम पहले भी कई बार शराब तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है। पुलिस ने उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के साथ-साथ पुलिस टीम पर हमला करने की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

error: Content is protected !!