Screenshot_11

नोएडा के सेक्टर-2 और सेक्टर-4 में आवारा पशुओं का हमला; प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग।

नोएडा। शहर की सड़कों पर आवारा पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को सेक्टर-2 में एक सांड की टक्कर से 44 वर्षीय सर्वेंद्र कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। हरौला के रहने वाले सर्वेंद्र एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और मंगलवार को साइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे। डी-ब्लॉक के पास अचानक एक सांड ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

कोतवाली फेज-1 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अमित मान के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना के सही क्रम का पता लगाया जा सके। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है, वहीं शहरवासियों में नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि लावारिस पशुओं की समस्या पर बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

वहीं, एक अन्य घटना में बुधवार रात सेक्टर-4 में एक ग्राफिक्स डिजाइनर को भी सांड ने बेरहमी से पटक दिया। टोनी नामक युवक अपने ऑफिस के पास खड़ा था, तभी आवारा सांड ने उस पर हमला कर दिया। इस हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे स्थानीय राजनीतिक नेताओं ने साझा कर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

शहर में लगातार हो रहे इन हमलों ने नोएडा की सुरक्षित छवि पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि लेबर चौक, सेक्टर-2, 3 और 4 जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में सांडों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे हर समय दुर्घटना का भय बना रहता है। अब तक प्रशासन का कोई भी वरिष्ठ अधिकारी पीड़ित परिवार से मिलने नहीं पहुँचा है, जिससे जनता में नाराजगी और बढ़ गई है।

error: Content is protected !!