Screenshot_43

बिहार: औरंगाबाद में काल बना पानी से भरा गड्ढा; डूबने से सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत, ससुराल में रहकर मजदूरी करता था पिता

औरंगाबाद (मदनपुर)। बिहार के औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ उमंगा टोले के वरक्षीवीर गांव में एक तालाबनुमा गड्ढे में डूबने से दो मासूम सगे भाई-बहनों की मौत हो गई। मृतकों में 5 वर्षीय वैष्णवी कुमारी और उसका ढाई वर्षीय छोटा भाई रंजन कुमार शामिल हैं। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

ससुराल में रहकर गुजर-बसर कर रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, विक्की सिंह मूल रूप से नालंदा जिले के निवासी हैं, लेकिन वे मदनपुर के वरक्षीवीर गांव में अपनी ससुराल में रहकर ही रोजगार और मजदूरी करते थे। बुधवार को दोनों बच्चे खेलते-खेलते घर के उत्तर दिशा में स्थित एक गहरे गड्ढे के पास चले गए, जिसमें पानी भरा हुआ था। पैर फिसलने के कारण दोनों बच्चे पानी में डूब गए। जब तक ग्रामीणों और परिजनों को भनक लगी, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

गांव में मातम, परिजनों का बुरा हाल

एक साथ दो मासूम चिरागों के बुझने से विक्की सिंह और उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने घटना की सूचना मदनपुर थाना पुलिस को दी है। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी आक्रोश है कि खुले और खतरनाक गड्ढों के कारण अक्सर ऐसी दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

error: Content is protected !!