स्वयं सहायता समूहों ने टाटा मोटर्स में लगाई हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी

उत्पादों की जमकर हुई प्रशंसा, रंग ला रही नगर निगम की वॉकल फॉर लोकल की मुहिम

रूद्रपुर। महिला सशक्तिकरण और वोकल फॉर लोकल की नगर निगम की मुहिम रंग ला रही है। दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत गठित महिला स्वयं सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए उप नगर आयुक्त शिप्रा जोशी के दिशा निर्देशन में सिडकुल स्थित टाटा मोटर्स कंपनी में हस्तशिल्प उत्पादों की पदर्शनी का आयोजन किया गयां जिसमें महिलाओं द्वारा बनाये गये उत्पादों की न सिर्फ जमकर सराहना हुई बल्कि टाटा मोटर्स के कर्मचारियों ने उत्पादों की जमकर खरीददारी भी की।

महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने के उद्देश्य से टाटा मोटर्स में आयोजित प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा हस्तनिर्मित उत्पादों जैम,जैली,अचार,पापड़,नमकीन, धूपबत्ती, अगरबत्ती, हर्बल उत्पाद, हस्तनिर्मित सजावटी सामान, उत्तराखण्ड की ऐपण कला के उत्पाद और उपयोगी वस्तुओं को प्रदर्शनी में शामिल किया गया। भव्य प्रदर्शनी में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित विभिन्न स्वदेशी और जैविक उत्पादों को लोगों ने जमकर सराहा। इस दौरान टाटा मोटर्स के कर्मचारियों के साथ ही प्लांट हेड ने भी स्टॉल विजिट किया और महिलाओं के प्रयासों की सराहना की।

बता दें नगर निगम द्वारा महिलाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है, जिसमें उन्हें हस्तशिल्प, उत्पाद निर्माण, विपणन और व्यवसाय प्रबंधन की जानकारी दी जाती है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने के लिए अब नगर निगम की ओर से बाजार उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शनी के दौरान महिलाओं को प्रत्यक्ष रूप से उपभोक्ताओं से जुड़ने का अवसर मिलने से उनमें उत्साह नजर आया। नगर निगम उपआयुक्त शिप्रा जोशी ने कहा कि महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की योजना बनाई जा रही है।

error: Content is protected !!