Screenshot_3

रुद्रपुर। शहर में शांति व्यवस्था को चुनौती देने वाले दो शातिर युवकों को पुलिस ने अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मुख्य आरोपी ने न केवल एक युवक के घर पर फायरिंग की थी, बल्कि सार्वजनिक बाजार में भी तमंचा लहराकर दहशत पैदा करने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार, विवाद की जड़ महज क्रिकेट खेलने को लेकर हुआ एक झगड़ा था। बीते बृहस्पतिवार को डिबडिबा निवासी आशु का कुछ युवकों से मैदान में विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते बिलासपुर (रामपुर) निवासी प्रेम कुमार साहनी ने अपने साथियों के साथ मिलकर देर शाम आशु के घर पर फायरिंग कर दी थी। इस मामले में प्रेम के खिलाफ बिलासपुर थाने में पहले से ही हत्या के प्रयास (धारा 307) के तहत मुकदमा दर्ज है।

फायरिंग की घटना के अगले ही दिन शुक्रवार को आरोपी प्रेम कुमार साहनी और उसके साथी गदरपुर निवासी विजयपाल ने मेट्रोपोलिस मॉल के पास लगने वाले साप्ताहिक बाजार में जमकर उत्पात मचाया। मामूली कहासुनी के बाद इन युवकों ने सरेआम तमंचा निकाल लिया, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। डायल 112 पर सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और घेराबंदी कर दोनों को फ्लाईओवर के पास से धर दबोचा। तलाशी के दौरान मुख्य अभियुक्त प्रेम के पास से तमंचा बरामद हुआ है।

सीओ प्रशांत कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शनिवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और असलहे के स्रोत की जांच कर रही है ताकि क्षेत्र में बढ़ते हथियारबंद अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।

error: Content is protected !!