मिशन-2027: भाजपा की ‘नो-सीट शिफ्ट’ पॉलिसी, मंत्रियों और विधायकों को अपनी ही जमीन पर दिखाना होगा दम

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति को धार देने के लिए आगामी १४ फरवरी को राजधानी देहरादून में भाजपा कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे।

रणनीतिक रूप से अहम है कोर कमेटी की बैठक माना जा रहा है कि इस बैठक के माध्यम से भाजपा राज्य में गठबंधन की संभावनाओं, प्रमुख अभियानों की दिशा और संगठनात्मक प्राथमिकताओं पर व्यापक मंथन करेगी। विधानसभा चुनाव से पूर्व होने वाली यह बैठक सीट-वार रणनीति बनाने, उम्मीदवारों के चयन की रूपरेखा तैयार करने और प्रचार के मुख्य मुद्दों को तय करने में मील का पत्थर साबित होगी। बैठक में बूथ स्तर तक के फीडबैक की समीक्षा की जाएगी ताकि कमजोर क्षेत्रों में समय रहते सुधार किया जा सके।

महेंद्र भट्ट का सख्त संदेश: नहीं बदलेगी किसी की सीट प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मीडिया से औपचारिक बातचीत में स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया है कि आगामी चुनाव में किसी भी विधायक या मंत्री को अपनी सीट बदलने का मौका नहीं दिया जाएगा। भट्ट ने साफ किया कि वर्तमान जनप्रतिनिधि अपनी वर्तमान विधानसभा सीट पर ही चुनावी तैयारी तेज करें। संगठन का यह रुख दर्शाता है कि पार्टी इस बार ‘जमीनी प्रदर्शन’ को ही टिकट का आधार बनाने वाली है।

सर्वे रिपोर्ट पर होगा मंथन खबर है कि भाजपा का प्रथम चरण का राज्य स्तरीय सर्वे संपन्न हो चुका है। इस सर्वे से प्राप्त इनपुट को कोर कमेटी के समक्ष रखा जाएगा, जिसके आधार पर चुनावी बिसात बिछाई जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार, प्रथम चरण के बाद अब दूसरे चरण का सर्वे शुरू किया जाएगा, जबकि केंद्रीय नेतृत्व का सर्वे स्वतंत्र रूप से अलग से होगा।

सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और जन-जन तक सरकार की उपलब्धियों को पहुँचाना इस बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु होगा। एक-दो दिन के भीतर कोर कमेटी के सदस्यों की औपचारिक घोषणा होने की संभावना है।

error: Content is protected !!