क्राइम ब्रांच ने दिलशाद गार्डन से आरोपी को दबोचा; मां हिस्ट्रीशीटर और भाई जेल में बंद, गाजियाबाद में सप्लाई होनी थी खेप।
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा (Crime Branch) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 1.022 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलशाद गार्डन निवासी इमरान उर्फ शेर खान (23) के रूप में हुई है। पुलिस की ‘एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स’ (ANTF) ने उसे सेंट्रल पार्क के पास से उस वक्त दबोचा, जब वह अपनी स्कूटी से नशीले पदार्थों की डिलीवरी देने जा रहा था।
पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी की पूरी पारिवारिक पृष्ठभूमि आपराधिक रही है। जांच में सामने आया है कि इमरान का पूरा परिवार ट्रांस-यमुना क्षेत्र में गैर-कानूनी मादक पदार्थों के धंधे में सक्रिय है। आरोपी की मां एक हिस्ट्रीशीटर है और उस पर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत पांच मामले दर्ज हैं। वहीं, उसका पिता भी तस्करी के मामलों में नामजद है और बड़ा भाई वर्तमान में एक अन्य मामले में जेल में बंद है। पूरा परिवार लंबे समय से इस अवैध कारोबार के जरिए आर्थिक लाभ कमा रहा था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद की गई हेरोइन (स्मैक) उसने दिल्ली के रघुवीर नगर स्थित एक स्रोत से खरीदी थी। गिरफ्तारी के समय वह इस खेप को उत्तर प्रदेश के नंद ग्राम, गाजियाबाद में एक रिसीवर को सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस ने नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के इस पूरे नेटवर्क और मुख्य आपूर्तिकर्ताओं की पहचान कर ली है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें टेक्निकल सर्विलांस की मदद से विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं।
